Ahmedabad Plane Crash:अहमदाबाद में एअर इंडिया का प्लेन क्रैश, लंदन जा रही फ्लाइट में सवार थे 130 यात्री
Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को विमान हादसा हो गया. यात्रियों को लेकर जा रहा एअर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया.
Ahmedabad Plane Crash: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां गुरुवार सुबह एअर इंडिया का एक यात्री विमान टेकऑफ के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। यह भयावह हादसा मेघानीनगर आईजी परिसर क्षेत्र में हुआ, जो एयरपोर्ट से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना स्थल से आसमान में काला धुआं उठता देखा गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। विमान ने जैसे ही टेकऑफ किया, थोड़ी ही देर में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह मेघानीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान का पिछला हिस्सा टेकऑफ के दौरान किसी पेड़ या अन्य अवरोध से टकरा गया था, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस विमान में कुल 133 लोग सवार थे, जिनमें 130 यात्री और 3 क्रू सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन हरकत में आया और फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
फिलहाल, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं। एयर इंडिया की ओर से भी इस हादसे पर बयान जारी किए जाने की संभावना है।
यह हादसा न केवल विमानन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहर में इतनी बड़ी चूक ने सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर ला दिया है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है और यात्रियों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
सरकार ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच का आदेश देते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं।
What's Your Reaction?