IND vs PAK:आज पाकिस्तान के खिलाफ काली पट्टी बांधकर उतरेगी टीम इंडिया- पहलगाम हमले का बताया कारण
IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ आज होने वाले एशिया कप मैच में भारत के प्लेयर्स काली पट्टी बांधकर खेलने उतरेंगे। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का विरोध करने के लिए भारतीय टीम मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया।
IND vs PAK: आज होने वाले एशिया कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम इस मैच में कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के विरोध में काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेगी। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इस फैसले के जरिए अपनी एकजुटता और विरोध दर्ज करने का निर्णय लिया है। दुबई स्टेडियम में दर्शकों के लिए बैनर और पोस्टर लाने पर भी पाबंदी लगाई गई है।
दोनों टीमों का शानदार आगाज
एशिया कप, जो इस बार यूएई में खेला जा रहा है, में भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने पहले मैच में जीत हासिल की है। आज का मुकाबला जीतने वाली टीम का सुपर-4 में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। यह मैच न केवल खेल के लिहाज से बल्कि भावनात्मक और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
हेड-टु-हेड: भारत का दबदबा
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछली भिड़ंत टी-20 वर्ल्ड कप में अमेरिका में हुई थी, जहां भारत ने केवल 119 रन बनाकर भी 6 रन से रोमांचक जीत हासिल की थी। उस वर्ल्ड कप के बाद भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा ने टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया। इसके बावजूद भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से अपने 86% मैच जीते हैं।
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने अपने प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया, लेकिन इसका उल्टा असर हुआ। पाकिस्तान का प्रदर्शन लगातार गिरावट की ओर है और उसने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से केवल 50% मैच जीते हैं। दोनों टीमों के प्रदर्शन में आए इस अंतर को नीचे दिए गए ग्राफिक्स में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
मदनलाल की नाराजगी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदनलाल ने इस मैच के विरोध पर अपनी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, "जब भारत सरकार ने इस मुकाबले की अनुमति दे दी है, तो फिर दिक्कत क्या है? भारत-पाकिस्तान का मैच हमेशा से ही हाई-प्रोफाइल रहा है, लेकिन हर बार इस मौके पर राजनीति शुरू हो जाती है।"
काली पट्टी: विरोध का प्रतीक
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ भारतीय खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे। यह कदम न केवल विरोध का प्रतीक है, बल्कि उन लोगों के प्रति एकजुटता दर्शाता है जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई। यह मैच निश्चित रूप से क्रिकेट के मैदान पर एक भावनात्मक और ऐतिहासिक पल होगा।
What's Your Reaction?