सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, कहा अयोध्या जरूर आएं लेकिन माफी मांगकर आएं

अयोध्या दीपोत्सव में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राम भक्तों पर गोलियां चलाने वाले अयोध्या आएं तो माफी मांगकर आएं।

Nov 7, 2026 - 20:35
 0  0
सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, कहा अयोध्या जरूर आएं लेकिन माफी मांगकर आएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित 10वें दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज की अयोध्या त्रेता युग का स्मरण करवा रही है और आज अयोध्या जीवंत होते दिख रही है। उन्होंने कहा कि श्री राम भारत के आत्मसम्मान हैं। आज अयोध्या धाम ने फिर से अपने उस गौरव को प्राप्त कर लिया है, जिसके लिए कारसेवकों ने बलिदान दिया, जिसके लिए संतों ने बलिदान दिया। अयोध्या में कभी राम भक्तों पर गोलियां चलती थीं, लाठियां चलती थीं और अत्याचार हुआ था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे लोग जब कथाओं में जाते हैं तो उन्हें कथा की मर्यादा भी नहीं पता होती और वे उसे मुशायरा समझ लेते हैं। पहले अयोध्या में अंकुश लगता था कि कोई आएगा नहीं और कोई जय श्री राम बोलेगा नहीं। आज वे लोग जो वकीलों की फौज खड़ी करते थे राम के खिलाफ, वे राम के अस्तित्व को स्वीकार रहे हैं। यह भी हमारी एक बड़ी उपलब्धि है। हमारे यहां कथाओं की अपनी मर्यादा है, उसकी पवित्र परंपरा है, लेकिन वे लोग अपनी उस उच्छृंखल वृत्ति के कारण राम की मर्यादा और कथा की पवित्रता को ध्यान में न रखकर उसको भी मुशायरे के दायरे में लाकर उसे अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोलते हुए आगे कहा कि जिन लोगों ने उपेक्षा की थी, अपमानित किया था, राम भक्तों पर गोलियां चलाई थीं, संतों को अपमानित करके उन पर लाठीचार्ज किए थे, वे लोग अयोध्या आएं जरूर, लेकिन माफी मांग कर आएं। राम भक्तों से एक बार माफी तो मांग लें, संतों से एक बार माफी तो मांग लें और अपने कृत्यों के लिए पश्चाताप कर लें।

मुख्यमंत्री योगी ने भगवान श्री राम की महिमा का बखान करते हुए कहा कि प्रभु तो हमारे बहुत सदाशय हैं, सबके पालनहार हैं और सबके प्रति कृपालु हैं, इसलिए वे सबको माफ करेंगे, लेकिन अहंकारी सत्ता को समाप्त करने में प्रभु को कोई क्षण भी नहीं लगता है। किसी को अहंकार हो जाए तो उसके अहंकार को और उसके दंभ को नरक तक पहुंचाने में भी भगवान कोई देर नहीं करते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कड़ा बयान ऐसे समय में सामने आया है जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को अयोध्या राम मंदिर जाने का ऐलान किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे और हनुमानगढ़ी में माथा टेकने के साथ राम मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में कभी हवाई अड्डा नहीं बन सकता था, लेकिन आज अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एक भव्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मौजूद है जो शहर के विकास और प्रगति का एक बड़ा प्रतीक है। दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर प्रदेश सरकार के कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और राम नगरी में दीयों की रोशनी से अद्भुत छटा बिखेरी गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow