चीन में तूफान बावी का तांडव: भारी बारिश का रेड अलर्ट और 20 लाख लोगों का रेस्क्यू
चीन में तूफान बावी के कारण भारी बारिश का रेड अलर्ट। 20 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए। ताइवान में 113 घायल और जापान में 200 उड़ानें रद्द।
चीन के पूर्वी हिस्से में तूफान बावी ने अपनी दस्तक दे दी है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को इस शक्तिशाली तूफान के तट से टकराने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब तक लगभग 20 लाख लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तूफान बावी के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के साथ ही स्थानीय प्रशासन ने बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है, जो चेतावनी प्रणाली का सबसे उच्चतम स्तर है और आपातकालीन स्थिति को देखते हुए राजधानी बीजिंग सहित चीन के कई प्रमुख शहरों में राहत और बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर तेज कर दिया गया है।
लैंडफॉल और मौसम विभाग की चेतावनी
झेजियांग प्रांत के मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस साल का नौवां तूफान बावी शनिवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट से टकराया। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जब यह तूफान काउंटी स्तर के शहर युहुआन के तट से टकराया, तब हवा की अधिकतम रफ्तार 40 मीटर प्रति सेकंड दर्ज की गई थी। इससे पहले शनिवार को ही चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अपनी चार स्तरीय चेतावनी प्रणाली में सबसे उच्च स्तर का बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। इसके साथ ही तूफान के खतरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था।
विभिन्न प्रांतों में भारी बारिश का अनुमान
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दोपहर 2 बजे तक की 24 घंटे की अवधि में देश के एक बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में मुख्य रूप से झेजियांग, उत्तरी फुजियान, उत्तर-पूर्वी जियांग्शी और दक्षिणी अनहुई शामिल हैं। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि तूफान का असर बीजिंग और हेबेई के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिलेगा, जहां भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
ताइवान और जापान में तूफान का असर
ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, बावी के केंद्र के पास हवा की अधिकतम रफ्तार 144 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है। शनिवार को यह तूफान ताइवान के उत्तर से होकर गुजरा, जिसके कारण वहां काफी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि टाइफून बावी की वजह से ताइवान में 113 लोग घायल हो गए हैं। सुरक्षा कारणों से ताइवान के अलग-अलग हिस्सों से 14,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। शनिवार को ताइवान के ज्यादातर इलाकों में स्कूल और दफ्तर बंद रखे गए। वहीं, जापान के ओकिनावा प्रांत के दक्षिणी द्वीपों पर भी ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गई है और खराब मौसम के कारण पूरे इलाके में 200 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
What's Your Reaction?