IND vs UAE:अभिषेक शर्मा बने ऐसा करने वाले सिर्फ चौथे भारतीय, रोहित शर्मा के क्लब का बन गए हिस्सा

IND vs UAE: एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने यूएई के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में मिले 58 रनों के टारगेट को सिर्फ 4.3 ओवर्स में ही हासिल कर लिया, जिसमें अभिषेक शर्मा के बल्ले से 16 गेंदों में 30 रनों की पारी देखने को मिली।

Sep 11, 2025 - 21:35
 0  15
IND vs UAE:अभिषेक शर्मा बने ऐसा करने वाले सिर्फ चौथे भारतीय, रोहित शर्मा के क्लब का बन गए हिस्सा

IND vs UAE: एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत वही धमाकेदार अंदाज में की, जिसकी उम्मीद उनके फैंस को थी। ग्रुप-ए में भारत का पहला मुकाबला यूएई की टीम के खिलाफ था, जिसमें भारतीय टीम ने 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो दुबई की पिच पर पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएई को मात्र 57 रनों पर समेट दिया। इसके बाद, भारत ने इस लक्ष्य को केवल 4.3 ओवर में एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत में ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का योगदान बेहद खास रहा, जिन्होंने 30 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर रोहित शर्मा के स्पेशल क्लब में अपनी जगह बनाई।

अभिषेक ने पहली गेंद पर छक्का जड़कर बनाया रिकॉर्ड

58 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी को मैदान पर उतारा। अभिषेक ने पारी की पहली गेंद का सामना किया और यूएई के गेंदबाज हैदर अली की गेंद को लॉन्ग ऑफ की दिशा में छक्के के लिए उड़ा दिया। इस शानदार शॉट के साथ ही अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इस विशेष क्लब में उनसे पहले रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन शामिल थे। अभिषेक ने अपनी 16 गेंदों की पारी में 30 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले खिलाड़ी:

  • रोहित शर्मा: बनाम इंग्लैंड (2021, अहमदाबाद)

  • यशस्वी जायसवाल: बनाम जिम्बाब्वे (2024, हरारे)

  • संजू सैमसन: बनाम इंग्लैंड (2025, मुंबई)

  • अभिषेक शर्मा: बनाम यूएई (2025, दुबई)

अभिषेक शर्मा: टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज

अभिषेक शर्मा ने अपने छोटे से टी20 इंटरनेशनल करियर में अब तक केवल 18 मैच खेले हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 193.50 का है। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर अभिषेक वर्तमान में टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतरता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है, और एशिया कप में उनकी यह पारी भारतीय टीम के लिए एक शुभ संकेत है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow