Asia Cup 2025:टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा... खून-खेल एक साथ नहीं पर अनुराग ठाकुर का जवाब

Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप मैच को लेकर देश में राजनीतिक विवाद तेज है. विपक्षी दलों ने पुलवामा हमले का हवाला देते हुए मैच रद्द करने की मांग की है, जबकि बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने मैच खेलने की जोर दिया है. आप और शिवसेना (UBT)

Sep 13, 2025 - 15:35
 0  11
Asia Cup 2025:टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा... खून-खेल एक साथ नहीं पर अनुराग ठाकुर का जवाब

Asia Cup 2025: 14 सितंबर 2025 को दुबई में होने वाले एशिया कप के भारत-पाकिस्तान मैच से पहले भारत में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। विपक्षी दल पहलगाम आतंकी हमले का हवाला देते हुए इस मैच को रद्द करने की मांग कर रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार और बीजेपी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया जा रहा है। इस बीच, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने मैच को लेकर सरकार का पक्ष रखा है, जिसके जवाब में विपक्षी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रियाएँ दी हैं।

अनुराग ठाकुर का बयान

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “जब एसीसी या आईसीसी द्वारा बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं, तो देशों के लिए उनमें भाग लेना अनिवार्य हो जाता है। अगर हम ऐसा नहीं करते, तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे और दूसरी टीम को अंक मिल जाएंगे।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट टूर्नामेंट न खेलने का फैसला किया है, जब तक कि पाकिस्तान भारत पर आतंकी हमले बंद नहीं करता।

आप का केंद्र पर हमला

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजीव झा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जब ऑपरेशन सिंदूर चल रहा था, तब पाकिस्तानी सेना के चीफ की अपमानजनक तस्वीरें वायरल की गई थीं। क्या बीजेपी मानती है कि हम अपनी बहनों का अपमान बर्दाश्त करेंगे? हम इस मैच का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि देश अभी भी पहलगाम हमले के जख्मों को नहीं भूला है।” उन्होंने बीजेपी से सवाल किया कि क्या आईसीसी और बीसीसीआई में बैठे उनके नेता इस अपमान के बावजूद क्रिकेट खेलने के पक्ष में हैं।

केजरीवाल का पीएम मोदी पर सवाल

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे पर पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा, “सारा देश कह रहा है कि यह मैच नहीं होना चाहिए। फिर भी यह क्यों हो रहा है? क्या यह ट्रंप के दबाव में हो रहा है? आखिर ट्रंप के सामने कितना झुकेंगे?” केजरीवाल ने केंद्र सरकार से इस फैसले पर स्पष्टीकरण मांगा।

शिवसेना (UBT) का तीखा विरोध

शिवसेना (UBT) के नेता उद्धव ठाकरे ने इस मैच को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पहलगाम हमले के जख्म अभी ताजा हैं। हमने सोचा था कि हम पाकिस्तान को तोड़ देंगे, ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया, लेकिन पाकिस्तान हमले जारी रखता है।” ठाकरे ने बीजेपी से सवाल किया कि क्या ऑपरेशन सिंदूर बंद कर दिया गया है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “आपने कुरैशी को पाकिस्तानियों की बहन कहा था। क्या आप हिंदुत्व को परिभाषित करेंगे? यह दुनिया को बताने का मौका है कि हम आतंकवाद के खिलाफ हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता बालासाहेब ठाकरे भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों के सख्त खिलाफ थे। ठाकरे ने सुषमा स्वराज और सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वे आज होते, तो शायद यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने देशवासियों से इस मैच का बहिष्कार करने की अपील की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow