Assam flood: असम-UP में बाढ़, 109 लोगों की गई जान, राज्यों के स्कूलों में छुट्टी, जानिए कहां-कहां होगी बारिश?

Assam flood: भारी बारिश के चलते कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। असम में बाढ़ से 109 लोगों की जान चली गई है। 1300 से ज्यादा बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में राप्ती नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है।

Jul 15, 2024 - 21:55
Jul 15, 2024 - 22:22
 0  12
Assam flood: असम-UP में बाढ़, 109 लोगों की गई जान, राज्यों के स्कूलों में छुट्टी, जानिए कहां-कहां होगी बारिश?

Assam flood: देश के अधिकतर राज्यों में बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात के कई जिलो में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और असम की कई नदियां उफान पर हैं। यूपी और असम के कई जिलो में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। असम में आई बाढ़ से 1,342 गांव जलमग्न हैं। 25,367.61 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गई है। राज्य की ब्रह्मपुत्र नदी निमाटीघाट, तेजपुर और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम में आई बाढ़ से 109 लोगों की जान भी जा चुकी है।

गोरखपुर में राप्ती नदी का बढ़ा जलस्तर

भारी बारिश के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गोरखपुर में बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई गांव पानी में डूब गए हैं। गोरखपुर के अलावा हरदोई की गर्रा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। हरदोई के करीब 150 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। ग्रामीण ऊंचाई वाली सड़कों पर घर का सामान लाकर रहने को मजबूर हैं।

दिल्ली में बारिश से कई इलाकों में जलभराव

सोमवार को दिल्ली-NCR के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। दिल्ली के सिविल लाइंस समेत कई जगहों पर जलभराव की स्थित भी पैदा हो गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के औसत से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

सोमवार को महाराष्ट्र के कई जिलों में भी जमकर बारिश हुई। महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी को भारी बारिश के कारण रेड अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ठाणे, रायगढ़ और पुणे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश और आंधी के कारण मुंबई के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है।

मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल और गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कोंकण, गोवा, कर्नाटक के साथ-साथ केरल में भी अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

दक्षिण की ओर बढ़ रहा मानसून

आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि मानसून नीचे (दक्षिण) की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में जमकर बारिश होगी। भारी बारिश की संभावना के चलते केरल, कोंकण और गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी जगहों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है।

कई राज्यों में बंद हुए स्कूल

गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश और आईएमडी रेड अलर्ट के बाद राज्य के शिक्षा विभाग ने 15 जुलाई को कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। केरल में मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट और एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया। भारी बारिश और आंधी के कारण केरल के छह जिलों में स्कूल और संस्थान बंद कर दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow