PAK vs WI: अब्दुल्लाह शफीक ने वेस्टइंडीज में रचा इतिहास, 49 साल बाद किया बड़ा धमाका
अब्दुल्लाह शफीक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नाबाद 160 रन बनाकर 49 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। वह 1977 के बाद वेस्टइंडीज में 150+ रन बनाने वाले पहले पाकिस्तानी बने।
क्रिकेट की दुनिया में कहा जाता है कि जब किस्मत मेहरबान हो तो हर रास्ता आसान हो जाता है। पाकिस्तानी बल्लेबाज अब्दुल्लाह शफीक के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में उन्हें जो शानदार कामयाबी मिली है, उसके पीछे किस्मत का बड़ा हाथ है। किस्मत ने न केवल उन्हें पाकिस्तान की टेस्ट टीम में वापस लाया, बल्कि उन्हें वेस्टइंडीज की धरती पर वह कारनामा करने का मौका भी दिया जो पिछले 49 सालों से कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज नहीं कर पाया था। शफीक की यह पारी ऐतिहासिक है और इसने कई पुराने रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है।
अब्दुल्लाह शफीक और किस्मत का अनोखा कनेक्शन
अब्दुल्लाह शफीक को यह मौका कैसे मिला, इसकी कहानी काफी दिलचस्प है। जब पीसीबी के चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज दौरे की टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का चयन किया था, तो उसमें अब्दुल्लाह शफीक का नाम शामिल नहीं था। वह टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन तरौबा में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद चोटिल हो गए। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जाएडन सील्स की एक गेंद शान मसूद के हाथ की अंगुली पर लगी और वह टूट गई। इस चोट के कारण मसूद को टीम से बाहर होना पड़ा। यहीं पर किस्मत ने शफीक का साथ दिया। वह उस समय तरौबा से महज 90 मिनट की दूरी पर ही क्रिकेट खेल रहे थे। पाकिस्तान टीम का बुलावा मिलते ही वह तुरंत फ्लाइट पकड़कर तरौबा पहुंचे और शान मसूद की जगह ली और किस्मत उन्हें सिर्फ टीम में ही नहीं लाई, बल्कि सीधे प्लेइंग इलेवन में भी शामिल कर दिया और अब उसका परिणाम पूरी दुनिया के सामने है।
160 रनों की नाबाद और यादगार पारी
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पहली पारी में 387 रन बनाए। इस बड़े स्कोर में सबसे बड़ा योगदान अब्दुल्लाह शफीक का रहा, जिन्होंने अकेले 160 रन बनाए। वह अपनी इस पारी के दौरान नाबाद रहे और शफीक ने 323 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में 15 चौके और 3 छक्के जड़े। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां शतक है और वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका पहला शतक है। 160 रनों की इस मैराथन पारी के जरिए उन्होंने वेस्टइंडीज के मैदानों पर पाकिस्तानी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है।
49 साल बाद टूटा माजिद खान का रिकॉर्ड
अब्दुल्लाह शफीक अब पिछले 49 सालों में वेस्टइंडीज में खेले गए टेस्ट मैच में 150 प्लस का स्कोर बनाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले आखिरी बार साल 1977 में माजिद खान ने यह उपलब्धि हासिल की थी, जब उन्होंने 167 रनों की पारी खेली थी। अब्दुल्लाह शफीक की पाकिस्तान की टेस्ट टीम में वापसी लगभग 10 महीने के लंबे अंतराल के बाद हुई है। इसके बावजूद, विदेशी धरती पर उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है और पाकिस्तान की ओर से घर से बाहर बनाए गए पिछले चार 150 प्लस स्कोर में से तीन अकेले अब्दुल्लाह शफीक के बल्ले से निकले हैं, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।
मैच का हाल और सीरीज की चुनौती
अब्दुल्लाह शफीक की 160 रनों की दमदार पारी की बदौलत पाकिस्तान ने पहली पारी में 387 रन बनाकर वेस्टइंडीज पर 46 रनों की बढ़त हासिल की थी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 106 रन बना लिए थे। इस तरह वेस्टइंडीज की कुल बढ़त अब 60 रनों की हो चुकी है। सीरीज के लिहाज से यह मैच बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि वेस्टइंडीज ने साल 2000 के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। अब देखना यह है कि क्या पाकिस्तान की टीम वेस्टइंडीज को 26 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतने से रोक पाती है या नहीं। पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट अब एक रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।
What's Your Reaction?