Barmer Accident:बाड़मेर में बस-कैंपर की भीषण भिड़ंत, ड्राइवर की दर्दनाक मौत

बाड़मेर के नेशनल हाईवे 68 पर बस और बोलेरो कैंपर की भीषण टक्कर में कैंपर ड्राइवर पदमाराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विस्तृत खबर पढ़ें।

Oct 19, 2025 - 19:35
 0  8
Barmer Accident:बाड़मेर में बस-कैंपर की भीषण भिड़ंत, ड्राइवर की दर्दनाक मौत

बाड़मेर जिले में नेशनल हाईवे 68 पर एक भयावह सड़क हादसे में एक बोलेरो कैंपर के ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना ग्रामीण थाने इलाके के दामानियो की ढाणी के पास दोपहर करीब 2 बजे उस वक्त हुई जब एक प्राइवेट बस और बोलेरो कैंपर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसे का विवरण

पुलिस के अनुसार, रामसर थाना इलाके के चाडी गांव निवासी पदमाराम पुत्र श्रीराम अपनी बोलेरो कैंपर में सवार होकर बाड़मेर शहर से भाड़खा गांव की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी और इस जबरदस्त भिड़ंत में पदमाराम के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बस का खलासी भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही ग्रामीण थाने के थानाधिकारी राजूराम बामणिया मय पुलिस जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतक पदमाराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाड़मेर के हॉस्पिटल मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया। इसके साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाकर जब्त कर लिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई जांच जारी

थानाधिकारी राजूराम बामणिया ने बताया कि घटना को लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा मानकों और तेज रफ्तार वाहनों के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow