डॉ मुस्कान सोनी सस्पेंड: केतन अग्रवाल हत्याकांड का मजाक उड़ाने वाली डेंटिस्ट पर 5 साल का बैन
डेंटिस्ट डॉ मुस्कान सोनी को केतन अग्रवाल हत्याकांड पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए 5 साल के लिए सस्पेंड किया गया है। जानें क्या था पूरा मामला।
महाराष्ट्र के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जहां एक तरफ पुलिस खूनी साज़िश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ इस गंभीर मामले पर सोशल मीडिया पर संवेदनहीन और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर भी गाज गिरनी शुरू हो गई है। केतन की दर्दनाक मौत का सोशल मीडिया पर सरेआम मजाक उड़ाने वाली महिला डेंटिस्ट डॉ मुस्कान सोनी को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ा है। ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने त्वरित और कड़ा फैसला लेते हुए डॉ मुस्कान सोनी को तत्काल प्रभाव से 5 साल के लिए संगठन से निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर संवेदनहीन टिप्पणी का मामला
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष और डेंटिस्ट डॉ मुस्कान सोनी ने केतन अग्रवाल की हत्या के बाद अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद आपत्तिजनक स्टोरी पोस्ट की थी। इस स्टोरी में उन्होंने केतन की खौफनाक मौत को लेकर संवेदनहीन टिप्पणियां की थीं और हंसने वाले इमोजी का इस्तेमाल कर घटना का मजाक उड़ाया था और उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था कि "अब ऐसे झूठ बोलोगे तो मरोगे ही ना"। जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वैसे ही चिकित्सा जगत और आम लोगों में डॉ मुस्कान के खिलाफ भारी आक्रोश फैल गया।
एसोसिएशन की कड़ी कार्रवाई और प्रतिबंध
एक डॉक्टर जैसे संवेदनशील पेशे से जुड़े व्यक्ति द्वारा किसी की हत्या पर इस तरह का क्रूर मजाक उड़ाए जाने को ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन ने बेहद गंभीरता से लिया। एसोसिएशन ने इसे न सिर्फ घोर अनुशासनहीनता माना, बल्कि इसे संस्था के नैतिक मूल्यों और समाज के प्रति डॉक्टरों की संवेदनशीलता के खिलाफ करार दिया। एसोसिएशन द्वारा जारी किए गए आधिकारिक निलंबन आदेश के अनुसार, डॉ मुस्कान सोनी के इस कृत्य के लिए उन्हें अगले 5 सालों तक के लिए पूरी तरह ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
- वह अगले 5 वर्ष तक एसोसिएशन के किसी भी आधिकारिक पद, कोर कमेटी या साधारण सदस्यता का हिस्सा नहीं रह पाएंगी।
- निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें एसोसिएशन की किसी भी आधिकारिक गतिविधि, सेमिनार या बैठक में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।
- वह आगामी 5 सालों तक संगठन के भीतर किसी भी प्रकार का चुनाव नहीं लड़ सकेंगी।
क्या है केतन अग्रवाल मर्डर केस?
महाराष्ट्र के एक नामी और अमीर बिजनेसमैन के बेटे केतन अग्रवाल की बीते 18 जून को ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों ने केतन को बहला-फुसलाकर किले की ऊंचाई पर बुलाया और वहां से उसे गहरी खाई में धकेल दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने चालाकी दिखाते हुए इसे एक पैर फिसलने का हादसा साबित करने की पूरी कोशिश की थी।
प्यार और धोखे की खौफनाक साजिश
जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं। यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी खूनी साजिश निकली। केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी महीने में हुई थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता था कि उनके बीच क्या चल रहा है और वे एक परफेक्ट कपल की तरह नजर आते थे, मगर अंदर ही अंदर सिया अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर रही थी। पुलिसिया तफ्तीश में यह भी खुलासा हुआ है कि सिया ने लोहागढ़ किले वाली वारदात से ठीक 4 दिन पहले भी केतन को उसी किले की ऊंचाई से गिराकर मारने का प्रयास किया था, लेकिन तब वह नाकाम रही थी। फिलहाल, मुख्य आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी पुलिस की कस्टडी में हैं।
What's Your Reaction?